UP News: प्रशासक के रूप में राजरानी रावत ने संभाला जिला पंचायत बाराबंकी का कार्यभार, परिसर में हुआ वृक्षारोपण

UP News: प्रशासक के रूप में राजरानी रावत ने संभाला जिला पंचायत बाराबंकी का कार्यभार, परिसर में हुआ वृक्षारोपण

रिपोर्ट -मनोज कुमार

UP News: बाराबंकी, 12 जुलाई 2026। शासन से प्राप्त शासनादेश के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट, बाराबंकी द्वारा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजरानी रावत को जिला पंचायत बाराबंकी का प्रशासक नामित किया गया। नामांकन के उपरांत उन्होंने शनिवार को जिला पंचायत बाराबंकी के प्रशासक के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्रीमती राजरानी रावत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिले में विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा तथा पिछले पांच वर्षों की तरह आगे भी जनहित एवं विकास से जुड़े कार्य निरंतर कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि जिला पंचायत विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के उद्देश्य से कार्य करती रहेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के उपरांत जिला पंचायत कार्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।

इस अवसर पर माननीय सदस्य विधान परिषद श्री अंगद कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राम सिंह उर्फ मुल्लन वर्मा, अपर मुख्य अधिकारी श्री आशुतोष कुमार, कार्य अधिकारी श्रीमती पल्लवी यादव, प्रशासनिक अधिकारी श्री राजेश सिंह, अवर अभियंता श्री अजय मिश्रा एवं श्री गौरव कुमार सहित जिला पंचायत बाराबंकी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )