
UP News: नहर किनारे खड़े तीन हरे-भरे आम के पेड़ काटे, ग्रामीणों में आक्रोश
रिपोर्ट -रानू सिंह
UP News: सिद्धौर (बाराबंकी)। थाना असंद्रा क्षेत्र के लच्छी का पुरवा मजरा डिगशिरी गांव में नहर किनारे खड़े तीन हरे-भरे आम के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन से शिकायत कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, रामसनेही घाट वन क्षेत्र एवं थाना असंद्रा अंतर्गत नहर किनारे चकमार्ग के पास खेत में लगे आम के तीन पेड़ों को रसूलपुर निवासी चंदू नामक व्यक्ति द्वारा कटवा दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इसी गांव में खड़ंजा मार्ग के किनारे खड़े एक नीम के पेड़ को रात के समय काट दिया गया था। उस मामले में भी वन विभाग और पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर कार्रवाई न होने के कारण अवैध पेड़ कटान करने वालों के हौसले बुलंद हो गए हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में हो रही अवैध पेड़ कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को गंभीर क्षति पहुंचेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाना कठिन हो जाएगा।
