
Hapur News: ब्लैकमेलिंग का जाल ,जमानत न मिलने से नाराज आरोपी ने बनाया अश्लील वीडियो को हथियार
Hapur News: हापुड़ जिले के देहात थाना क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। एक गांव निवासी व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी नाबालिग/युवती पुत्री की कथित अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो आरोपियों ने उससे तीन लाख रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दबाव बनाकर एक लाख रुपये पहले ही वसूल लिए और अब शेष रकम के लिए लगातार भय का माहौल बना रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार, उसने 6 जनवरी को एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके चलते आरोपी फिलहाल जेल में बंद है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद से ही उसका भाई वसीम उर्फ पप्पू पीड़ित और उसके परिवार पर लगातार समझौते का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी की जमानत याचिका जिला न्यायालय से पहले ही खारिज हो चुकी है, जिससे आरोपी पक्ष बौखला गया है।
पीड़ित ने बताया कि 14 अप्रैल को वसीम उर्फ पप्पू एक अन्य व्यक्ति के साथ उसके घर आया। दोनों हथियारों से लैस थे और उन्होंने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि उनके पास उसकी पुत्री की अश्लील वीडियो है। यदि वह वीडियो को वायरल होने से बचाना चाहता है तो उसे तीन लाख रुपये देने होंगे।
आरोप है कि आरोपी ने अपने मोबाइल में वीडियो दिखाकर पीड़ित को मानसिक रूप से डराया और दबाव बनाया।
घटना के अगले ही दिन, यानी 15 अप्रैल को आरोपी फिर पीड़ित के घर पहुंचे और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उससे एक लाख रुपये वसूल कर ले गए।
जाते-जाते आरोपियों ने चेतावनी दी कि यदि बाकी दो लाख रुपये नहीं दिए गए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा और उसे जान से मारने तक की धमकी दी गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीड़ित और उसका परिवार गहरे सदमे और भय में है। सामाजिक बदनामी के डर और जान से मारने की धमकी के चलते परिवार कई दिनों तक सहमा रहा, लेकिन आखिरकार हिम्मत जुटाकर पीड़ित ने देहात थाने में लिखित शिकायत दी। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
