
TMC Office Aadhaar Cards Recover: कोलकाता में TMC कार्यालय से मिले 100 से ज्यादा आधार कार्ड, मचा हड़कंप
TMC Office Aadhaar Cards Recover: पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता शहर के साल्टलेक इलाके में स्थित तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय से 100 से अधिक आधार कार्ड और सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मामला अब सियासी बहस का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।
बसंती देवी कॉलोनी में मौजूद है दफ्तर
जानकारी के मुताबिक यह टीएमसी कार्यालय साल्टलेक इलाके में बिधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर 36 के अंतर्गत बसंती देवी कॉलोनी में स्थित है। स्थानीय लोगों को जब दफ्तर के भीतर बड़ी संख्या में आधार कार्ड और दस्तावेज मिलने की जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद बरामद सामान को सुरक्षित रखने के लिए स्थानीय निवासियों ने खुद निगरानी शुरू की और मामले की सूचना बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाने को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आधार कार्ड को अपने कब्जे में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने कहा- हमारे ही हैं आधार कार्ड
स्थानीय लोगों का कहना है कि दफ्तर से मिले आधार कार्ड इलाके के लोगों के ही हैं। लोगों के मुताबिक जब वे आधार कार्ड बनवाते थे, तब टीएमसी पार्टी ऑफिस का पता दिया जाता था और कार्ड वहीं पहुंचते थे।
आरोप है कि कई बार आधार कार्ड मांगने पर पार्टी कार्यालय के लोग यह कहकर टाल देते थे कि अभी तक कार्ड नहीं आया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि 4 मई को उन्होंने इस पार्टी कार्यालय में ताला लगा दिया था। बाद में जब ताला खोला गया तो अंदर से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद हुए।
सरकारी जमीन के दस्तावेज भी मिले
आधार कार्ड के साथ-साथ सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। इन दस्तावेजों की बरामदगी के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और फर्जी आधार कार्ड का मुद्दा पहले से ही राजनीतिक बहस का केंद्र बना हुआ है। अब टीएमसी कार्यालय से इतनी बड़ी संख्या में आधार कार्ड मिलने के बाद विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का नया मुद्दा मिल गया है।
टीएमसी पार्षद गिरफ्तार
इसी बीच बीजेपी कार्यकर्ता के साथ मारपीट और बदसलूकी के आरोप में एक टीएमसी पार्षद को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हुगली के बैद्यबाटी इलाके से टीएमसी पार्षद राजू पारुई को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 26 अप्रैल को बीजेपी कार्यकर्ता बैद्यबाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में घर-घर जाकर प्रचार कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान शाम करीब साढ़े पांच बजे वहां पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के पार्षद राजू पारुई ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और मारपीट की।
इस मामले में बीजेपी कार्यकर्ता स्नेहांशु महंत ने श्रीरामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टीएमसी पार्षद राजू पारुई को गिरफ्तार कर लिया।
