UP Crime: मुरादाबाद में सनसनीखेज हत्याकांड, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या

UP Crime: मुरादाबाद में सनसनीखेज हत्याकांड, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या

UP Crime: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने सभी को चैंका दिया है। जिले के मझोला थाना क्षेत्र में विवाहिता पर प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर पति की हत्या कराने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने प्रेमी और बहन के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पूरा मामला खुल गया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 30 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है, जो एक एक्सपोर्ट फर्म में काम करता था। वह कई वर्षों से कुंदनपुर इलाके में कृषि विभाग कार्यालय के पास अपने घर में रह रहा था। पवन के परिवार में उसका बड़ा भाई देवेंद्र और दो बहनें अनीता व बबीता हैं। बड़े भाई देवेंद्र बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं।

2020 में हुई थी शादी

परिजनों के मुताबिक पवन की शादी साल 2020 में संभल जिले के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव बटौवा निवासी आंचल से हुई थी। दोनों की तीन साल की बेटी भी है। आरोप है कि शादी के बाद आंचल का गांव बघी गोवर्धनपुर निवासी अंकित नाम के युवक से प्रेम संबंध हो गया था। पवन को जब इस संबंध की जानकारी मिली तो उसने कई बार पत्नी को समझाने और रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता रहता था।

मायके में रची हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 15 दिन पहले आंचल अपने मायके गई थी, जहां उसने कथित तौर पर पति की हत्या की साजिश रची। बाद में वह अपनी बहन शिखा के साथ मुरादाबाद लौटी और पति पवन को फोन कर घर बुलाया। बताया गया कि उस समय पवन अपनी बहन अनीता के घर गया हुआ था। पत्नी के बुलाने पर वह घर लौट आया।

बेरहमी से की पति की हत्या

अगले दिन काम से लौटने के बाद पवन की हत्या कर दी गई। आरोप है कि पहले उसे करंट के झटके दिए गए और फिर जहर देकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद आरोपियों ने इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की और परिजनों को सूचना दी कि पवन ने जहर खाकर जान दे दी है। पति की हत्या करने के बाद बाॅयफ्रेंड के साथ रोमांस भी किया। हालांकि पवन के भाई और बहनों को पत्नी और साली के बयानों में विरोधाभास नजर आया, जिससे उन्हें शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हत्या की पुष्टि हो गई। इसके बाद पवन के भाई की तहरीर पर पत्नी आंचल, उसकी बहन शिखा, प्रेमी अंकित और अजय दिवाकर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। सूत्रों के अनुसार पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )