Chamba Road Accident :  हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा,साच पास मार्ग पर खाई में समाई गाड़ी, सभी सवार लापता

Chamba Road Accident : हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा,साच पास मार्ग पर खाई में समाई गाड़ी, सभी सवार लापता

Chamba Road Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर एक पर्यटक वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिसमें सवार आठ लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना 29 मई की आधी रात को हुई और तब से वाहन में सवार सभी लोग लापता हैं।

घूमने निकले थे पर्यटक, वापस नहीं लौटे

पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के सात सदस्य पर्यटन के लिए हिमाचल प्रदेश आए थे। वे डलहौजी के एक होटल में ठहरे हुए थे और 29 मई को साच पास घूमने के लिए निकले थे। पर्यटकों को शाम तक होटल लौटना था, लेकिन देर रात तक उनके वापस न आने और संपर्क न होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाशी अभियान में सामने आया हादसा

खोजबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि पर्यटकों को लेकर जा रही एर्टिगा कार (एचपी-01सी-2133) बैरागढ़-साच पास-किलाड़ सड़क पर गहरी खाई में गिर गई है। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। हादसे का स्थान अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में स्थित होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मृतकों में सात पर्यटक और चालक शामिल

दुर्घटना में जिन लोगों के मारे जाने की आशंका है, उनमें छत्तीसगढ़ निवासी अरविंद, उनकी पत्नी प्राची, उनके दो बेटे दर्श और अपशद, पी. जी. कार्तिगहेयन, उनकी पत्नी मणिमाला और पुत्र नंदन शामिल हैं। इनके अलावा वाहन चालक विश्वास की भी मौत होने की आशंका है। विश्वास चंबा जिले के डलहौजी क्षेत्र का निवासी था। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे।

क्या बोले पुलिस अधीक्षक

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दलों को मौके पर भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनास्थल तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन बचाव और खोज अभियान लगातार जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि वाहन गहरी खाई में गिरने के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है।

इसी महीने दूसरा बड़ा हादसा

गौरतलब है कि चंबा जिले में पर्यटकों से जुड़ा यह मई महीने का दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 10 मई को भटियात उपमंडल के ककीरा-लाहडू मार्ग पर गुजरात के पर्यटकों से भरी एक इनोवा गाड़ी खाई में गिर गई थी। उस हादसे में छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाएं पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती हैं।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )