
Khan Sir Coaching Closed: खान सर की कोचिंग अगले आदेश तक बंद, हमले के बाद बढ़ा तनाव
Khan Sir Coaching Closed: पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के बाद माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। घटना के बाद खान ग्लोबल स्टडीज को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। कोचिंग प्रबंधन की ओर से फिलहाल कक्षाएं शुरू करने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, जिससे छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
देर शाम हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना
मंगलवार 2 जून 2026 की देर शाम बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं। खान सर का दावा है कि इस दौरान कोचिंग सेंटर में तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की गई। हमलावरों ने गार्ड को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गार्ड को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कोचिंग बंद होने से छात्र परेशान
हमले के बाद खान ग्लोबल स्टडीज को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला लिया गया है। इसके चलते बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर के बाहर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं मिल पा रही कि कक्षाएं कब से शुरू होंगी। स्पष्ट सूचना के अभाव में छात्रों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
छात्रों का कहना है कि वे अपनी पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं को लेकर चिंतित हैं। कई छात्र दूर-दराज के इलाकों से पढ़ाई के लिए पटना आते हैं, ऐसे में कोचिंग बंद होने से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है। वहीं, हालिया घटना ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
खान सर के समर्थन में सड़क पर उतरे छात्र
बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए और खान सर के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने कोचिंग सेंटर के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से खान सर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि जिस शिक्षक ने लाखों युवाओं को मार्गदर्शन दिया है, उसकी सुरक्षा सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। सुबह से ही कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। देखते ही देखते हजारों छात्र वहां पहुंच गए, जिससे मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
खान सर ने की शांति बनाए रखने की अपील
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खान सर स्वयं कोचिंग सेंटर की बालकनी में पहुंचे। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और सड़क खाली करने की अपील की। खान सर ने कई बार छात्रों से अपने घर लौटने का अनुरोध किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि जब तक प्रशासन सुरक्षा को लेकर ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है, जबकि छात्र दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और खान सर की सुरक्षा की मांग पर अड़े हुए हैं।
