Chandauli News: पचवनिया पुल पर किसानों का आंदोलन समाप्त, डीएम के आश्वासन के बाद 3–5 दिन में सिंचाई बहाल करने का भरोसा

Chandauli News: पचवनिया पुल पर किसानों का आंदोलन समाप्त, डीएम के आश्वासन के बाद 3–5 दिन में सिंचाई बहाल करने का भरोसा

लोकेशन- चंदौली
संवाददाता- मिथिलेश गुप्ता

Chandauli News: चंदौली में निर्माणाधीन पचवनिया पुल पर बनाई जा रही छलका (वीयर) की ऊंचाई को लेकर पिछले चार दिनों से चल रहा किसानों का आंदोलन बुधवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। किसानों का कहना था कि यदि वर्तमान ऊंचाई पर ही निर्माण कार्य पूरा हुआ तो क्षेत्र के कई गांवों की हजारों बीघा कृषि भूमि तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पाएगा।

धरने के चौथे दिन किसानों का प्रतिनिधिमंडल चंदौली में आयोजित किसान दिवस के दौरान जिलाधिकारी से मिला। किसानों ने तकनीकी तथ्यों के साथ अपनी समस्या रखते हुए बताया कि निर्माणाधीन संरचना के कारण नहर के जल प्रवाह पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिससे दर्जनों गांवों के किसान सिंचाई सुविधा से वंचित हो सकते हैं। किसानों ने तत्काल तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक संशोधन एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

शाम को चकिया तहसीलदार देवेंद्र कुमार धरना स्थल पहुंचे और किसानों से वार्ता की। उन्होंने प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया कि तीन से पांच दिनों के भीतर खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों से आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध करते हुए कहा कि प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

तहसीलदार ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि निर्धारित समय के भीतर समाधान नहीं होता और किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंचता है, तो किसान प्रशासन को पुनः अवगत कराएं। ऐसी स्थिति में उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा किसानों को दोबारा आंदोलन करने का अधिकार रहेगा।

पचवनिया पुल की छलका ऊंचाई को लेकर किसानों का यह आंदोलन लगातार चार दिनों तक शांतिपूर्ण ढंग से चला। क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसानों ने एकजुट होकर सिंचाई व्यवस्था बचाने की मांग उठाई और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया।

फिलहाल धरना समाप्त हो गया है, लेकिन अब किसानों की निगाहें प्रशासन और सिंचाई विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि तय समय सीमा के भीतर समाधान हो जाता है तो क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, आश्वासन पूरा नहीं होने की स्थिति में किसानों ने दोबारा आंदोलन शुरू करने के संकेत दिए हैं।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )