
Baghpat Accident: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 6 श्रद्धालुओं की मौत
Baghpat Accident: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव टोल के पास रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बागड़ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को कैंटर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में एक बच्ची समेत छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालुओं बदायूं के रहने वाले हैं।
मौके पर चीख-पुकार मची
जानकारी के अनुसार, बदायूं के अल्हापुर गांव के लोग राजस्थान स्थित बागड़ धाम की यात्रा पर गए थे। रात में वापस लौटते समय बड़ागांव के पास ईपीई पर कैंटर ने उनकी पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे के बाद अधिकतर श्रद्धालु वाहन के नीचे दब गए, और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे
सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से पिकअप के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, तब-तक एक बच्ची समेत छह लोगों की मौत हो चुकी थी। घायलों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत वाले कुछ घायलों को दिल्ली और मेरठ रेफर किया गया है। बताया गया कि पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय जिला अस्पताल पहुंचे।
बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि अभी एक मृतक रामेश्वर निवासी अल्हापुर की पहचान हो सकी है। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
