
Barabanki News: बाराबंकी में खाद्य विभाग की छापेमारी, 70 किलो सड़े-गले फल नष्ट; फ्रूट कंपनी पर कार्रवाई की संस्तुति !
Barabanki News: जिला बाराबंकी में 13.10.2026 को नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर फलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान छह फल प्रतिष्ठानों और केला पकाने वाले केंद्रों का निरीक्षण किया गया। वहीं, हैदरगढ़ क्षेत्र में 70 किलोग्राम सड़े-गले फल नष्ट कराए गए। एक फ्रूट कंपनी में अत्यधिक गंदगी मिलने पर उसके खिलाफ वाद दायर करने की संस्तुति की गई है।
जिलाधिकारी बाराबंकी के आदेश और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में विशेष रूप से यह जांच की गई कि कहीं केले को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है।

छह प्रतिष्ठानों का किया गया निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तहसील नवाबगंज क्षेत्र में नवीन मंडी के निकट स्थित श्री कृष्णा ट्रेडर्स और रामनगर के नौछना स्थित बनाना रिपेनिंग चेंबर का निरीक्षण किया। रामसनेहीघाट तहसील के भिटरिया में जामिल फ्रूट और शमी फ्रूट की भी जांच की गई।
इसके अलावा हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र के बछरावां स्थित ताज फ्रूट कंपनी और आरएफ फ्रूट कंपनी का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में कमियां मिलने पर संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।
70 किलो खराब फल कराए गए नष्ट
निरीक्षण के दौरान ताज फ्रूट कंपनी और आरएफ फ्रूट कंपनी परिसर में कुल 70 किलोग्राम सड़े-गले फल पाए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये बताई गई है। मानव स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इन फलों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
वहीं, ताज फ्रूट कंपनी में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 56 के तहत वाद दायर करने की संस्तुति की गई है।
कार्बाइड से फल पकाने और चमकदार फलों से सावधान रहने की अपील
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आम लोगों को जागरूक करते हुए फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। साथ ही फलों पर लगे स्टिकर के चिपकाने वाले पदार्थ और उनकी गुणवत्ता को लेकर भी उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई।
विभाग ने बताया कि फलों को लंबे समय तक ताजा और चमकदार दिखाने के लिए कभी-कभी उन पर मोम या वैक्स की परत लगाई जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को फलों की बाहरी चमक देखकर ही उनकी गुणवत्ता का अनुमान नहीं लगाना चाहिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि नवरात्र के दौरान फल मंडियों और दुकानों पर बिकने वाले दूषित फलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले फल कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 तथा नियम-विनियम-2011 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रही मौजूद
इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पांडेय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, भगौती प्रसाद, पल्लवी तिवारी, डॉ. अंकिता यादव और अर्शी फारूकी शामिल रहे।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता पर अंकुश लगाना है।
दिनांकः-13.10.2026
सहायक आयुक्त ;खाद्य-II
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार
