
Barabanki News: बाराबंकी में निर्माणाधीन मैरिज लॉन की स्लैब गिरी, एक मजदूर की मौत, कई मलबे में दबे
Barabanki News: जिले के हैदरगढ़ कस्बे में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन मैरिज लॉन में बड़ा हादसा हो गया। उपनिबंधक कार्यालय के सामने रनापुर गांव स्थित मैरिज लॉन की लॉबी की स्लैब अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय स्लैब के ऊपर और नीचे कई मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे, जो भारी मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 10 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया।
हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन को आशंका है कि अभी भी कुछ मजदूर मलबे में फंसे हो सकते हैं, इसलिए देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।
घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वहीं, स्लैब गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण संबंधी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
संवाददाता: रानू सिंह,बाराबंकी
