
Barabanki News: स्कूल जा रहे मासूम की सड़क पर थम गई जिंदगी, तेज रफ्तार ट्रक ने ली छात्र की जान
Barabanki News: बाराबंकी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे कक्षा 8 के छात्र की जान चली गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर साइकिल से स्कूल जा रहे 14 वर्षीय यशवर्धन तिवारी को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

यशवर्धन अपने परिवार का इकलौता बेटा था और किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज में कक्षा 8 का छात्र था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि विद्यालय प्रशासन ने शोक व्यक्त करते हुए मंगलवार को आकस्मिक अवकाश घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संवाददाता-मनोज कुमार ,बाराबंकी
