Barabanki News: बाराबंकी में अवैध खनन पर उठे सवाल, शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

Barabanki News: बाराबंकी में अवैध खनन पर उठे सवाल, शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

Barabanki News: बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र में कथित अवैध खनन और डंपरों के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार शिकायतें किए जाने और सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में चल रहे डंपर तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ते हैं और कई बार बिना तिरपाल के मिट्टी और खनन सामग्री का परिवहन किया जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस वजह से पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र में कथित रूप से अवैध खनन को संरक्षण मिलने और अनियमितताओं पर कार्रवाई न होने के कारण खनन गतिविधियां लगातार जारी हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि लगातार शिकायतें और वीडियो सामने आ रहे हैं, तो जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया आखिर किस स्तर पर अटकी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, अवैध खनन और परिवहन से जुड़े आरोपों की सत्यता सामने लाई जाए तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

संवाददाता-रानू सिंह

जिला- बाराबंकी

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )