Bihar 6 Year Old Aditya Viral Video: ‘छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा…’ 6 साल के बच्चे का वीडियो वायरल, सरकार पर साधा निशाना

Bihar 6 Year Old Aditya Viral Video: ‘छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा…’ 6 साल के बच्चे का वीडियो वायरल, सरकार पर साधा निशाना

Bihar 6 Year Old Aditya Viral Video: बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक बहाली परीक्षा (TRE-4) को लेकर छात्रों का भारी गुस्सा फूट पड़ा है। एकल परीक्षा आयोजित करने, निगेटिव मार्किंग की व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त करने और रोजगार से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर हजारों अभ्यर्थियों ने पटना की सड़कों पर जोरदार और उग्र प्रदर्शन किया।

गांधी मैदान से शुरू हुआ यह विशाल मार्च जब मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ा, तो डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों और भारी पुलिस बल के बीच जबरदस्त झड़प हो गई। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन जब भीड़ पीछे नहीं हटी तो पुलिस ने तीखा लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई छात्र चोटिल हो गए।

6 साल के बच्चे ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

इस पूरे सियासी बवंडर और लाठीचार्ज के खौफनाक मंजर के बीच एक बेहद हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। भीड़ के बीच पहली कक्षा में पढ़ने वाले महज 6 साल के बच्चे आदित्य ने पहुंचकर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मासूम आदित्य ने बेबाकी से मीडिया के सामने आकर राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सीधे तौर पर इस्तीफे की मांग कर डाली। बच्चे का यह वीडियो अब इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो रहा है। वीडियो में मासूम कहता दिख रहा है कि सरकार ने छात्रों से बड़े-बड़े वादे किए थे कि उन्हें रोजगार और नौकरी मिलेगी, लेकिन जमीन पर तो नौकरी के बदले सिर्फ पुलिस की सख्त लाठियां बांटी जा रही हैं।

‘सत्ता आती-जाती रहेगी, लेकिन छात्रों का भविष्य न बर्बाद करें’: वायरल बच्चा

जब 6 साल के आदित्य से पूछा गया कि वह इतने बड़े जनसैलाब और पुलिसिया कार्रवाई के बीच क्या करने आया है, तो उसने बिना किसी डर के कहा कि वह अपने बड़े भाई-बहनों और छात्रों को समर्थन देने के लिए यहां आया है। मासूम ने बेहद गंभीर अंदाज में सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव में सत्ता तो आती है और चली जाती है, लेकिन देश के भविष्य यानी युवाओं की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करना बिल्कुल गलत है। उसने सवाल उठाया कि सरकार की उन तमाम घोषणाओं और योजनाओं का क्या हुआ, जिनका ढिंढोरा पीटा गया था।

डाक बंगला चौराहे पर मची अफरा-तफरी

पटना का ऐतिहासिक डाक बंगला चौराहा कई घंटों तक युद्ध के मैदान जैसा नजर आ रहा था। चारों तरफ भागते छात्र और पुलिस की लाठियां ही दिखाई दे रही थीं। अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक उनका आंदोलन खत्म नहीं होगा। अब इस 6 साल के बच्चे के तीखे सवालों ने सोशल मीडिया से लेकर बिहार के राजनीतिक गलियारों तक नई बहस छेड़ दी है, जिससे सरकार पूरी तरह बैकफुट पर आ गई है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )