Bihar News: बुजुर्ग दंपती की चाकू गोदकर हत्या, सुबह दरवाजा तोड़ते ही मचा हड़कंप

Bihar News: बुजुर्ग दंपती की चाकू गोदकर हत्या, सुबह दरवाजा तोड़ते ही मचा हड़कंप

Bihar News: समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गयी। घर में अकेले रह रहे बुजुर्ग दंपती की रात में चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। सुबह दूधवाला घर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

चौकी पर बुजुर्ग का शव और फर्श पर उनकी पत्नी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। एक साथ दो हत्याओं की खबर फैलते ही भरपुरा पटपारा में सनसनी फैल गई।

घर में अकेले थे दंपती

विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा पटपारा वार्ड संख्या 11 में सोमवार की रात घटना हुई। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय बंगाली दास और उनकी 65 वर्षीय पत्नी धनमा देवी के रूप में हुई है। दोनों घर में अकेले रहते थे। उनके तीन बेटे राम विनोद, राम आशीष और राम सिंह रोजी-रोटी के लिए परदेस में मजदूरी करते हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।

सुबह खुला डबल मर्डर का राज

ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे दूधवाला रोज की तरह दंपती के घर पहुंचा। काफी आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों को संदेह हुआ तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा। अंदर बंगाली दास का शव चौकी पर और धनमा देवी का शव फर्श पर पीठ के बल पड़ा था। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, अपर थानाध्यक्ष शिवनारायण कुमार और एसआइ विशाल प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

लूट या रंजिश, जांच जारी

डबल मर्डर के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आपसी रंजिश, लूटपाट सहित सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्यारे रात में घर में कैसे दाखिल हुए और घटना को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुए।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )