
Chandauli News: सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी! सात बजकर 56 मिनट तक सिर्फ एक शिक्षिका मौजूद, आठ शिक्षक रहे नदारद
लोकेशन -चंदौली
संवाददाता -मिथिलेश गुप्ता
Chandauli News: सरकारी विद्यालयों में समयपालन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला प्राथमिक विद्यालय शाह पुर खुरुजां का है, जहां सुबह करीब 7:56 बजे तक विद्यालय में केवल एक महिला शिक्षिका मौजूद मिलीं, जबकि अन्य आठ शिक्षक अनुपस्थित बताए गए।
विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने पर शौचालय में गंदगी मिली। वहीं मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली महिला रसोइयां लकड़ी और गोइठे पर भोजन बनाती नजर आईं। पूछने पर उन्होंने बताया कि शिक्षक “आ रहे हैं”।
विद्यालय में मौजूद बच्चों को भी यह स्पष्ट जानकारी नहीं थी कि विद्यालय किस समय खुलता है और शिक्षक नियमित समय पर आते हैं या नहीं। इससे विद्यालय की व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
एक ओर सरकार सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, समयपालन सुनिश्चित करने और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर यदि शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय नहीं पहुंचते और व्यवस्थाएं बदहाल रहती हैं, तो इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिक्षकों की शिकायतें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। यदि ऐसा है, तो संबंधित शिक्षा अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
