Chandauli News: 300 साल पुराने शिव मंदिर में तोड़फोड़, सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों को मिलीं टूटी मूर्तियां

Chandauli News: 300 साल पुराने शिव मंदिर में तोड़फोड़, सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों को मिलीं टूटी मूर्तियां

लोकेशन- चंदौली
रिपोर्टर- शिवम् विश्वकर्मा

Chandauli News: चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव में करीब 300 साल पुराने शिव मंदिर में तोड़फोड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण पूजा करने मंदिर पहुंचे, तो अंदर कई मूर्तियां क्षतिग्रस्त मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए।

बताया जा रहा है कि मंदिर ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। गुरुवार देर शाम पूजा के बाद मंदिर के पुजारी घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्हें मूर्तियां टूटी हुई मिलीं।

घटना की सूचना मिलते ही बबुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष किशोर चौबे ने पुलिस टीम के साथ मंदिर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक अन्य संदिग्ध के फरार होने की बात सामने आ रही है।

वहीं, ग्रामीणों ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और फरार संदिग्ध की तलाश में टीम लगाई गई है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )