
Etah News: एटा में शादी की सालगिरह बनी मातम, केक काटते समय शिक्षक की अचानक मौत
Etah News: जनपद एटा के ब्लॉक शीतलपुर क्षेत्र कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित कल्याणपुर गांव में शादी की सालगिरह का कार्यक्रम उस समय मातम में बदल गया, जब परिवार के बीच केक काट रहे एक शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कल्याणपुर निवासी 38 वर्षीय संदीप कुमार, पुत्र मोतीलाल, गांव में एक निजी विद्यालय का संचालन करते थे और शिक्षक के रूप में भी कार्यरत थे। शनिवार को उनकी शादी की सालगिरह थी, जिसके चलते परिवार में उत्सव का माहौल था। घर पर परिजन और रिश्तेदार एकत्रित थे तथा कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। बताया जाता है कि संदीप कुमार अपनी बहन के घर खितौली से गांव लौटे थे। शनिवार रात करीब 10:30 बजे सालगिरह समारोह के दौरान परिवार के सदस्य केक काटने की तैयारी कर रहे थे। जैसे ही संदीप ने केक काटना शुरू किया, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह कुछ ही क्षणों में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना से घबराए परिजन उन्हें तत्काल निजी वाहन से एटा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के भाई योगेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ देर पहले तक संदीप पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दे रहे थे और किसी प्रकार की गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी। उनकी आकस्मिक मृत्यु से सभी स्तब्ध हैं।
संदीप कुमार अपने पीछे पत्नी और करीब तीन वर्ष की एक मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार संदीप मिलनसार और समाजसेवी प्रवृत्ति के व्यक्ति थे, जिनकी गांव में अच्छी छवि थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
