
Guwahati Riya Talukdar Murder: गुवाहाटी रिया तालुकदार हत्याकांड में पति ने कबूला खौफनाक प्लान, लाश को कुत्तों को खिलाने की थी साजिश
Guwahati Riya Talukdar Murder: असम की राजधानी गुवाहाटी के पॉश इलाके बसिष्ठापुर में हुए 25 वर्षीय रिया तालुकदार गोस्वामी हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 6 महीने पहले बड़े अरमानों के साथ हुई शादी का ऐसा खौफनाक अंत होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। पुलिसिया तफ्तीश के दौरान आरोपी पति रामानुज गोस्वामी के जरिए जो खौफनाक बातें सामने आई हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों और आम जनता की रूह कंपा दी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज दावा किया है कि धारदार हथियार से पत्नी का सिर धड़ से अलग करने के बाद उसका अगला प्लान मृतका के शरीर को आवारा कुत्तों को खिलाकर सबूत मिटाने का था। हालांकि, किसी वजह से वह इस बर्बर योजना को अमलीजामा नहीं पहना सका।
फ्रिज खोलते ही उड़े पुलिस के होश
घटना वाली रात जब परिजनों का फोन नहीं उठा, तो रात करीब 10 बजे हाटीगांव थाने की पुलिस टीम बाई-लेन नंबर 4 स्थित मकान संख्या 14 पर पहुंची। घर का दरवाजा खोलते ही अंदर का मंजर देखकर अनुभवी पुलिस अधिकारियों के भी पसीने छूट गए। पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जब जांच अधिकारियों ने रसोई में रखे फ्रिज का दरवाजा खोला, तो उसके भीतर काले रंग के पॉलीथीन बैग में लिपटा रिया का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। मौके से कटी हुई उंगलियां और कत्ल में इस्तेमाल किया गया असमिया पारंपरिक धारदार हथियार ‘दाओ’ भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पति का कबूलनामा
जांच अधिकारियों के मुताबिक, कत्ल को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी। पूछताछ में आरोपी ने बेझिझक अपना जुर्म स्वीकार किया और कहा कि उसे अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारने का कोई मलाल या पछतावा नहीं है। इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मियों के सामने धमकी दी कि अगर वह कभी सलाखों से बाहर निकला, तो उस शख्स को भी जान से मार डालेगा, जिसे वह अपनी पत्नी का कथित ‘शुगर डैडी’ मानता था। आरोपी को अपनी नवविवाहिता पत्नी के चरित्र पर गहरा शक था, जिसे पुलिस इस नृशंस हत्याकांड की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।
20 से अधिक बार रिहैब जा चुका है आरोपी
पुलिस पड़ताल में यह खौफनाक पहलू भी सामने आया है कि आरोपी रामानुज भयंकर नशे का आदी है और वह अब तक 20 से ज्यादा बार नशा मुक्ति केंद्र (रिहैब सेंटर) भेजा जा चुका है। मेडिकल परीक्षण के दौरान आरोपी के एचआईवी और हेपेटाइटिस सी से संक्रमित होने की भी बात सामने आई है। फॉरेंसिक और सीआईडी की टीमें मौके से मिले साक्ष्यों के जरिए इस बात का पता लगा रही हैं कि क्या वारदात के वक्त आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में था। फिलहाल पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि शव को कुत्तों को खिलाने का दावा महज एक मनगढ़ंत कहानी है या वास्तव में इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।
