
Hamirpur News: उरई रोड पर दो कारों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, 7 लोग घायल सीएचसी में भर्ती; आवारा पशु आ जाने के कारण हुआ हादसा
रिपोर्टर- जीतेन्द्र कुमार
जिला- हमीरपुर
Hamirpur News: राठ कोतवाली क्षेत्र में उरई रोड पर ग्राम बिगवा-कुम्हरिया मोड़/उमरिया चौराहा के पास मंगलवार को दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी राठ पहुंचाया, जहां सभी की हालत सामान्य बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर अचानक आवारा पशु आ जाने से एक वाहन चालक उसे बचाने के प्रयास में रॉन्ग साइड चला गया। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पीआरवी-112 के माध्यम से पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई।

थाना राठ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई गई। क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के रॉन्ग साइड से आने के कारण दुर्घटना होना सामने आया है। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत सामान्य है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
