
Jalaun News: मौरंग उतारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया डंपर, लगी भीषण आग
Jalaun News: कस्बे में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मौरंग उतारते समय एक डंपर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ डंपर में आग लग गई और देखते ही देखते उसका पिछला हिस्सा जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि चालक और क्लीनर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार अरविंद द्विवेदी निवासी माधौगढ़ की सीमेंट-मौरंग की दुकान ‘मां कामाख्या ट्रेडर्स’ पर सोमवार दोपहर डंपर चालक शब्बीर निवासी रौन, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) मौरंग लेकर पहुंचा था।
चालक हाइड्रोलिक सिस्टम से डंपर की बॉडी उठाकर मौरंग खाली कर रहा था। इसी दौरान डंपर की ऊपरी बॉडी दुकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से टच हो गई। तार से संपर्क होते ही तेज धमाका हुआ और डंपर के पिछले हिस्से में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पिछले सभी टायर, डीजल टैंक और वाहन का पिछला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें और धमाके देख आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग को अवगत कराया गया, जिसके बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। मौके पर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि डंपर को भारी नुकसान पहुंचा है।
