Jharkhand Crime: 8 महीने की गर्भवती प्रेमिका को मौत के घाट उतारा, जंगल में फेंका शव, प्रेमी गिरफ्तार
Jharkhand Crime: झारखंड के खूंटी जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, अडकी थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक सागर ओड़ेया ने अपनी आठ महीने की गर्भवती प्रेमिका की कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को जंगल में फेंक दिया। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने महिला के गर्भ से मृत शिशु को बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
जंगल में मिला युवती का शव
मामला मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव के पास का है। रविवार को घने जंगल में एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच में सामने आया कि युवती करीब आठ महीने की प्रेग्नेंट थी। पोस्टमार्टम के दौरान उसके गर्भ से आठ महीने का मृत शिशु बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले में दोहरे हत्याकांड की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।
दो साल से था प्रेम संबंध
पुलिस जांच के मुताबिक़, मृतका और आरोपी सागर ओड़ेया के बीच 2 साल से प्रेम सम्बन्ध था। इसी दौरान युवती गर्भवती हुई। आरोप है कि मृतका आरोपी से शादी करने और बच्चे को स्वीकार करने की मांग कर रही थी। गर्भवती होने के बाद युवक ने उसके साथ दूरी बनानी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले आरोपी ने दूसरी युवती को ढुकू प्रथा के तहत अपने घर में रखा था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। मृतका लगातार अपने होने वाले बच्चे के अधिकार और शादी की मांग को लेकर आरोपी से संपर्क कर रही थी।
