
Lucknow Murder Case: श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर दी सफाई, बोलीं- मेरा नाम नेताओं और अधिकारियों से न जोड़ें !
Lucknow Murder Case: शिवा शर्मा कांड को लेकर श्रद्धा दुबे का बयान सामने आया है। वीडियो जारी कर उन्होंने अपने ऊपर लग रहे आरोपों और नेताओं व अधिकारियों के साथ नाम जोड़े जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना किसी ठोस जानकारी के उनके बारे में अफवाहें न फैलाएं।
श्रद्धा दुबे ने वीडियो में कहा, “मेरा आप सभी से निवेदन है कि मेरे नाम को ऐसे मत उछालिए। हर किसी के साथ मेरा नाम मत जोड़िए। आपने कई नेताओं और अधिकारियों के साथ भी बेवजह मेरा नाम जोड़ा है। अगर कोई मेरे इंस्टाग्राम पर मेरे साथ ऐड है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि मेरा उससे कोई कनेक्शन है।”
उन्होंने आगे कहा कि उनका किसी से कोई संबंध नहीं है और वह किसी को नहीं जानती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह कहीं गायब नहीं हैं और पुलिस के सामने आकर अपना बयान देना चाहती हैं। उनके मुताबिक, वह पुलिस को पूरे मामले की सच्चाई बताने के लिए तैयार हैं।
‘मैं शारीरिक रूप से ठीक नहीं हूं’
श्रद्धा दुबे ने अपनी शारीरिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि फिलहाल वह ठीक नहीं हैं और शारीरिक रूप से फिट भी नहीं हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी लड़की के बारे में कुछ भी कहने से पहले सौ बार सोचें। उनका कहना है कि उन्होंने कुछ नहीं किया है और उनके बारे में बिना आधार के बातें नहीं फैलाई जानी चाहिए।
शिवा शर्मा कांड पर क्या बोलीं श्रद्धा दुबे?
वीडियो में श्रद्धा दुबे ने शिवा शर्मा कांड का जिक्र करते हुए दावा किया कि यह हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या का मामला था। उन्होंने कहा कि वह इस मामले से जुड़ी सच्चाई लोगों को बताने वाली थीं, लेकिन फिलहाल उनकी शारीरिक स्थिति ठीक नहीं है।
हालांकि, शिवा शर्मा की मौत को लेकर श्रद्धा दुबे द्वारा किए गए इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।
अंत में श्रद्धा दुबे ने दोहराया कि जिन नेताओं या अधिकारियों के साथ उनका कोई संबंध या संलिप्तता नहीं है, उनके साथ उनका नाम न जोड़ा जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचें।
संवाददाता- निखिल रस्तोगी
