
Lucknow News: सपा नेता राजेंद्र चौधरी अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे अखिलेश यादव
Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता, मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य (MLC) राजेंद्र चौधरी की अचानक तबीयत ख़राब होने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनके स्वास्थ्य को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है।
अस्पताल पहुंचे अखिलेश यादव
राजेंद्र चौधरी की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से राजेंद्र चौधरी की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
कौन हैं राजेंद्र चौधरी ?
राजेंद्र चौधरी को समाजवादी पार्टी के सबसे अनुभवी नेताओं में गिना जाता है। संगठन में उनकी भूमिका लंबे वक़्त से बहुत महत्वपूर्ण रही है। वे न सिर्फ पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हैं, बल्कि उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी के राज्य प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। पार्टी की रणनीति तैयार करने और संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
कैसा रहा राजनीतिक सफर
राजेंद्र चौधरी का राजनीतिक सफर कई दशकों पुराना है। उन्होंने साल 1978 में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नेतृत्व में सक्रिय राजनीति की शुरुआत की थी। बाद में वे समाजवादी आंदोलन का प्रमुख चेहरा बने और मुलायम सिंह यादव के करीबी सहयोगियों में शामिल रहे। उनके लंबे वक़्त के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के कारण उन्हें पार्टी में हमेशा महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलती रही हैं।
साल 2002 में मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार में उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद साल 2013 में अखिलेश यादव सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया, जहां उन्होंने जेल तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली। साल 2021 से वे उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं। बता दे, सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजेंद्र चौधरी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उनके स्वास्थ्य से जुड़ी हर नई जानकारी पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।
