
Mehrauli Building Collapse: दिल्ली में बिल्डिंग गिरने के बाद प्रशासन सख्त,MCD इंजीनियर निलंबित, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
Mehrauli Building Collapse: दिल्ली के महरौली इलाके में शनिवार रात हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी बिल्डिंग मालिक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। वही एमसीडी के जूनियर इंजीनियर को निलंबित करते हुए मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
रात भर चलता रहा राहत और बचाव अभियान
वहीं इस हादसे के बाद मौके पर देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहत और बचाव कार्य पूरी रात जारी रहा। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल समेत कई एजेंसियों की टीमें मौके पर तैनात रहीं और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का किया दौरा
वहीं दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सैदुलाजाब स्थित घटनास्थल का दौरा किया और मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली और बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
यहां मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए महरौली थाने में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। साथ ही दक्षिण जिले के जिला मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मजिस्ट्रियल जांच कराने के आदेश भी दिए गए हैं।
जर्जर और खतरनाक इमारतों पर कार्रवाई के निर्देश
वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को आसपास मौजूद जर्जर और खतरनाक इमारतों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता हो, वहां सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी अनाधिकृत इमारतों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
मृतक और घायलों की हुई पहचान
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 26 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल लोगों में साइका खान, आदित्य शर्मा, तरुण कुमार, अनुज दीक्षित, नीलम यादव, क्षितिज प्रताप, आस्था और विशाल शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
अचानक भरभराकर गिरी चार मंजिला इमारत
यह हादसा शनिवार शाम सैदुलाजाब इलाके में हुआ। यहां एक चार मंजिला निर्माणाधीन व्यावसायिक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत का भारी मलबा पास में स्थित टीन शेड कैंटीन पर भी जा गिरा, जहां उस समय बच्चे मौजूद थे।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, दमकल विभाग और एंबुलेंस सेवाओं की टीमों को लगाया गया।
मलबे से निकाले गए नौ लोग
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक मलबे से कुल नौ लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। इनमें दो लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाला, जबकि सात लोगों को एनडीआरएफ और डीडीएमए की टीमों ने बचाव अभियान के दौरान बाहर निकाला। निकाले गए लोगों में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिला मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच में हादसे के कारणों, निर्माण संबंधी नियमों के पालन और संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी।
वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में एमसीडी के जूनियर इंजीनियर अमन जैन और असिस्टेंट इंजीनियर सुदेश सिंह चौहान को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गई।
हादसे ने खड़े किए कई सवाल
यहां महरौली में हुई इस घटना ने निर्माणाधीन और अनाधिकृत इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद प्रशासन अब मामले की हर पहलू से जांच कराने की तैयारी में है। वहीं राहत और बचाव दल अब भी पूरी सतर्कता के साथ मौके पर जुटे हुए हैं।
