NEET UG 2026 Re-Exam: देश-विदेश के अभ्यर्थियों की परीक्षा आज, NTA ने किए कड़े सुरक्षा इंतजाम

NEET UG Re Exam: देश और विदेश में NEET UG 2026 री-एग्जाम आज (21 जून) आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से पहले उम्मीदवारों को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने और निर्देश पढ़ने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का समय भी दिया जाएगा। परीक्षा के निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध

परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए परीक्षा समाप्त होने तक टेलीग्राम ऐप पर प्रतिबंध लगाया है। अधिकारियों का मानना है कि पूर्व में हुए पेपर लीक मामलों में इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया था। ऐसे में किसी भी तरह की अफवाह, प्रश्नपत्र लीक या अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है।

प्रश्नपत्र पहुंचाने में वायुसेना की मदद

इस बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षित डिलीवरी के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) की सहायता ली गई है। 13 जून से वायुसेना के परिवहन विमान और Mi-17 हेलीकॉप्टर देशभर के 18 निर्धारित वितरण केंद्रों तक सीलबंद प्रश्नपत्र पहुंचाने में लगे हुए हैं। वहां से प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्देश्य प्रश्नपत्रों की समय पर और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

22 लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

NEET UG 2026 री-एग्जाम देश के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में होगी। इस बार 22 लाख से अधिक उम्मीदवारों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। परीक्षा के लिए 95 हजार से अधिक कमरों की व्यवस्था की गई है।

1.38 लाख CCTV कैमरों से निगरानी

परीक्षा की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सभी परीक्षा कक्षों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। कुल 1.38 लाख से अधिक CCTV कैमरों के जरिए परीक्षा की निगरानी की जाएगी। इन कैमरों की लाइव फीड राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर लगातार मॉनिटर की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

51 हजार से ज्यादा जैमर तैनात

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल रोकने के लिए 51,311 जैमर लगाए गए हैं। इनमें 17,054 जैमर ECIL और 34,257 जैमर BEL द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर तैनात रहेंगे और हर केंद्र पर 10 से अधिक अतिरिक्त कर्मचारी मौजूद होंगे। सभी केंद्रों पर सेंटर सिस्टम्स ऑफिसर (CSO) भी नियुक्त किए गए हैं, जो तकनीकी निगरानी और CCTV संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। NTA का दावा है कि इन व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )