PM Modi Meeting : राज्यसभा-एमएलसी चुनावों पर मंथन,प्रधानमंत्री आवास पर भाजपा की अहम रणनीतिक बैठक

PM Modi Meeting : राज्यसभा-एमएलसी चुनावों पर मंथन,प्रधानमंत्री आवास पर भाजपा की अहम रणनीतिक बैठक

PM Modi Meeting :  दिल्ली में रविवार शाम प्रधानमंत्री आवास पर भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। शाम 5:30 बजे होने वाली इस बैठक को आगामी राज्यसभा और विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्यसभा की रिक्त सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श किया जा सकता है। इसके अलावा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति की भी समीक्षा होने की संभावना है। गौरतलब है कि 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को द्विवार्षिक चुनाव होने हैं।

इनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटें, राजस्थान और मध्य प्रदेश की तीन-तीन सीटें, झारखंड की दो सीटें तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट शामिल हैं। चुनाव आयोग ने 22 मई को चुनाव कार्यक्रम घोषित किया था। इसके अनुसार 1 जून को अधिसूचना जारी होगी, जबकि 18 जून को मतदान और मतगणना दोनों संपन्न होंगे।

इसके साथ ही महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक-एक रिक्त सीट पर राज्यसभा उपचुनाव भी कराया जाएगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा आगामी चुनावों को देखते हुए सामाजिक, क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखकर उम्मीदवारों का चयन कर सकती है। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास पर होने वाली यह बैठक कई महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसलों का आधार बन सकती है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )