Raebareli News: बड़ा हादसा टला, रोडवेज बस की ट्रक से टक्कर के बाद भी नहीं छूटी UP TET परीक्षा

Raebareli News: बड़ा हादसा टला, रोडवेज बस की ट्रक से टक्कर के बाद भी नहीं छूटी UP TET परीक्षा

Raebareli News: जनपद के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सरकारी रोडवेज बस ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों और यूपी-टीईटी परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हालांकि पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:45 बजे ट्रक संख्या UP 33 T 4756 रायबरेली की ओर से आ रहा था। हरचंदपुर चौराहे से सिरसा रोड की ओर मुड़ते समय पीछे से आ रही रोडवेज बस संख्या UP 33 DT 5459 ने ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़ी ओमनी वैन संख्या UP 78 EF 5960 से जा टकराया, जिससे वैन क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं रोडवेज बस भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई।

हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यूपी-टीईटी परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थी सवार थे। सूचना मिलते ही हरचंदपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी यात्रियों और परीक्षार्थियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। परीक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए तत्काल अन्य वाहनों की व्यवस्था कर अभ्यर्थियों को उनके निर्धारित परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना किया गया। हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है और न ही कोई जनहानि हुई है। दुर्घटना के बाद यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करा दिया गया। मौके पर पूरी तरह शांति है तथा पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )