
Bahraich news: बहराइच में तेज रफ्तार कार की कंबाइन से भिड़ंत, 4 दोस्तों की मौत
Bahraich news: यूपी के बहराइच में तेज रफ्तार टाटा पंच कार की कंबाइन से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 20 फीट घिसटते हुए सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। हादसे में कार में सवार 6 लोग अंदर ही कुचल गए। 4 दोस्तों की मौत हो गई। 2 गंभीर घायल हैं।
कंबाइन सड़क किनारे खड़ा था। अचानक सड़क की ओर मुड़ने लगा, तभी सामने से आ रही टाटा पंच कार टकरा गई। भीषण टक्कर के कारण 7 फिट की कार 4 फिट की रह गई। अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की छत भी उड़ गई। कार चालक का जबड़ा कट गया।
वहीं कंबाइन चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ही गोद में शवों को उठाकर मॉर्च्यूरी और अस्पताल भिजवाया। घटना जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर बहराइच नानपारा मार्ग पर मेटरा थाना क्षेत्र के डिगवा पेट्रोल पंप के पास की है। सभी दोस्त नेपाल घूमकर अपने घर लौट रहे थे।
बहराइच के रहने वाले 6 दोस्त टाटा पंच कार से 4 दिन पहले नेपाल घूमने गए थे। रविवार रात अपने घर लौट रहे थे। तभी रात करीब 10:40 बजे बहराइच-नानपारा मार्ग पर मटेरा थाना क्षेत्र के डिगवा पेट्रोल पंप से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचे थे। तभी रोड साइड से सड़क की ओर टर्न ले रहे कंबाइन से सीधे टकरा गए।
टककर के बाद कार फिसलते हुए रोड किनारे झाड़ियों में पलट गई। भीड़ जुटती देख कंबाइन चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और मटेरा थाना प्रभारी हरिकेश सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर सभी लोगों को बाहर निकाला। कार में खून ही खून फैला था। 4 की मौत हो चुकी थी, दो की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने शवों को मॉर्च्यूरी भिजवाया। दोनों घायलों को पहले नानपारा सीएचसी भेजा गया। देर रात जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। राम गांव थाना के मुकेरिया गांव निवासी अनिल कुमार (40) पुत्र सुरेश, मेटुकहा गांव निवासी अनिल कुमार (42) पुत्र श्याम नारायण, फतेहपुरवा मोहम्मदपुर गांव निवासी महेंद्र पाल (45) पुत्र राधेश्याम और थाना दरगाह शरीफ के हम्जापुरा गांव निवासी अल्ताफ अहमद (38 ) पुत्र अब्दुल कादिर के रूप में हुई है।
शिवम श्रीवास्तव (30) पुत्र वेदप्रकाश थाना कोतवाली नगर के चित्र शाला रोड निवासी और ब्राह्मणीपुरा निवासी अश्वनी कुमार (30) पुत्र रामकमल के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मेडिकल स्टोर चलाते थे महेंद्र, अनिल एमआर
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महेंद्र पाल मेडिकल स्टोर का संचालन करते थे उनका एक बेटा है। मृतक अल्ताफ नर्सिंग होम में काम करता था। वहीं मृतक अनिल कुमार एक निजी दवा कंपनी में एमआर थे। उनके घर में पत्नी व दो बेटियां हैं।
एसपी बोले—हादसे की जांच जारी
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि कंबाइन से टक्कर होने के कारण यह हादसा हुआ है। चार लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। हादसे के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मटेरा थाना प्रभारी हरिकेश सिंह के मुताबिक, दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
