
UP News: निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें : डीएम
रिपोर्ट- मनोज कुमार
UP News: बाराबंकी, 13 जुलाई 2026। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन की उपस्थिति में ₹50 लाख से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध प्रगति, विभागवार उपलब्धियों, लक्ष्य पूर्ति तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी।

निर्माण परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षित नहीं है, उनमें अतिरिक्त संसाधन एवं श्रमिक लगाकर कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में आने वाली सभी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं का लाभ आमजन को समय पर मिल सके।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सी, डी एवं ई श्रेणी में शामिल विभागों के अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वे व्यक्तिगत रुचि लेकर कमियों का तत्काल निराकरण करें और अगले मूल्यांकन तक अपने विभाग की रैंक में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में फैमिली आईडी योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करते हुए शासन से प्राप्त लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति की जाए। उन्होंने प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सड़क निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन, मध्यान्ह भोजन, छात्र उपस्थिति, पर्यटन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री ग्रामीण योजना, ग्रामीण अभियंत्रण, सेतु निर्माण, किसान सम्मान निधि, मनरेगा, दुग्ध विकास, दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, युवा स्वरोजगार तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने, डाटा फीडिंग की शुद्धता बनाए रखने तथा समयबद्ध अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, जिला विकास अधिकारी श्री भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री राकेश कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
