
Lucknow News: संविदा परिचालकों का गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लेकर इको गार्डेन भेजा
Lucknow News: वर्ष 2021 में भर्ती किए गए संविदा परिचालकों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर इको गार्डेन भेज दिया। प्रदर्शनकारी परिचालकों का आरोप है कि उन्हें परिवहन विभाग से हटाकर निजी फर्म में समायोजित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे संविदा परिचालकों ने बताया कि वर्ष 2021 में लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एलसीटीएसएल) के तहत संविदा के आधार पर उनकी भर्ती की गई थी और पिछले करीब पांच वर्षों से वे नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि हाल ही में उन्हें सूचना दी गई कि उनका समायोजन निजी कंपनी एसएस एंटरप्राइजेज में किया जा रहा है और इसके लिए आवश्यक अभिलेख जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

संविदा परिचालकों ने मांग की कि उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) अथवा परिवहन विभाग में समायोजित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विभाग में परिचालकों की आवश्यकता है तो नई भर्ती करने के बजाय वर्तमान में कार्यरत संविदा कर्मियों को ही स्थानांतरण देकर सेवाएं जारी रखी जाएं।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डेन भेज दिया गया। संविदा परिचालकों ने सरकार और परिवहन मंत्री से हस्तक्षेप कर उनके समायोजन के आदेश को निरस्त करने तथा उनकी सेवाएं पूर्ववत जारी रखने की मांग की है।
