Guwahati Ramanuj Goswami Death: कोर्ट में पेशी से पहले आरोपी की मौत, चलती पुलिस वैन से कूदने पर हुआ था घायल

Guwahati Ramanuj Goswami Death: कोर्ट में पेशी से पहले आरोपी की मौत, चलती पुलिस वैन से कूदने पर हुआ था घायल

Guwahati Ramanuj Goswami Death: असम के गुवाहाटी से दिल दहला देने वाले ‘फ्रिज मर्डर केस’ के मुख्य आरोपी रामानुज गोस्वामी को लेकर एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर उसका कटा हुआ सिर फ्रिज में रखने वाले रामानुज गोस्वामी की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस हिरासत में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय आरोपी चलती पुलिस गाड़ी से अचानक कूद गया, जिससे उसके सिर में काफी गंभीर चोटें आईं। उपचार के लिए उसे तुरंत गौहाटी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। उसकी सात दिनों की पुलिस रिमांड खत्म हो रही थी और उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाना था।

एक साल पहले हुई थी शादी

रामानुज और उसकी पत्नी रिया की शादी को अभी महज एक साल ही हुआ था। बीते 3 सितंबर को रामानुज ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और उसे किसी गैर-पुरुष से नाजायज संबंध होने का वहम था। वारदात के दिन इस बात को लेकर दोनों के बीच भारी विवाद हुआ था। हत्या के बाद आरोपी घर का ताला बंद करके फरार हो गया। जब दो-तीन दिनों तक घर से बदबू आने लगी, तो पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि कमरे के फर्श पर खून से लथपथ धड़ पड़ा था और कटा हुआ सिर प्लास्टिक में लपेटकर फ्रिज में छिपाया गया था।

आरोपी को नहीं था कोई पछतावा

वारदात को अंजाम देने के अगले ही दिन आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। लेकिन हैरान करने वाली बात यह थी कि उसके चेहरे पर जरा सी भी शिकन या पछतावा नहीं था। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान उसने एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया था। उसने बेखौफ अंदाज में कहा था कि जेल से बाहर आने के बाद वह अपनी पत्नी के ‘शुगर डैडी’ का भी कत्ल कर देगा। उसने कहा था कि उसने जो भी किया बहुत सोच-समझकर किया है और इसके लिए वह कभी किसी से माफी नहीं मांगेगा।

नशे का आदी था कैब ड्राइवर

जांच में सामने आया है कि पेशेवर रूप से कैब चलाने वाला रामानुज गोस्वामी गंभीर नशे की लत का शिकार था और इसके लिए उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस को उसके किराए के मकान से शराब की कई खाली बोतलें और हत्या में इस्तेमाल किया गया एक बड़ा धारदार चाकू (दोओ) बरामद हुआ था। पड़ोसियों का कहना था कि दोनों के बीच अक्सर मारपीट और झगड़े होते रहते थे। उस रात भी जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आई थीं और फिर अचानक सन्नाटा छा गया था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि उस सन्नाटे के पीछे इतना बड़ा और रोंगटे खड़े कर देने वाला कांड छिपा हुआ था।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )