
लखनऊ के काकोरी में महिला का शव बरामद, सिर पर चोट के निशान
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में गुरूवार सुबह उस समय दहशत फैल गयी जब मदारपुर-पुरैन मार्ग पर मदापुर गांव के बाहर सड़क के किनारे खून से लथपथ महिला की लाश मिली। महिला के हाथ बंधे हुए थे और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। लाश के ऊपर एक कपड़ा भी पड़ा हुआ था जो कि पूरी तरह खून से सना हुआ था। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने महिला की शिनाख्त की काफी कोशिश की लेकिन पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मदारपुर-पुरेना मार्ग पर स्थित मदापुर गांव के बाहर गुरूवार सुबह लोगों की नजर महिला के शव पर पड़ी। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं महिला के शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी है। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला की उम्र 30 से 35 साल है। महिला के शरीर पर नाइट वियर था। पुलिस के मुताबिक महिला के सिर और शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले है और उसके हाथ बंधे हुए थे।
वहीं महिला के कपड़े भी अस्त व्यस्त हालत में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला के हाथों पर नीले निशान पड़े हुए थे। इसके साथ ही शव के पास ही ईंट और एक पाइप भी पड़ा हुआ था। जिसको देख यह लग रहा था कि महिला को पहले बहुत पीटा गया हो। प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला की निर्दयता से हत्या किये जाने की आशंका जतायी है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
