
आत्मनिर्भर बनने का सपना, घर से निकल गईं 6 लड़कियां—पुलिस ने किया बरामद
Kushinagar News: कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र से लापता हुई छह लड़कियों के मामले में पुलिस को पहले अहम सुराग मिले, जिसके बाद 24 घंटे के भीतर सभी लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस सफल कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कसया थाना क्षेत्र के मल्लूडीह गांव से छह लड़कियां अचानक लापता हो गई थीं, जिससे परिवारों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में चिंता का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले थे कि सभी लड़कियां अपनी इच्छा से घर छोड़कर लखनऊ की ओर गई हैं। उनका उद्देश्य आत्मनिर्भर बनना और खुद कमाकर जीवन यापन करना बताया गया। सूत्रों के अनुसार, लापता लड़कियों में से एक ने अपने परिचित को पहले ही लखनऊ जाने की जानकारी दी थी।
लापता लड़कियों में किरण (18 वर्ष) पुत्री राजन राजभर, मनीषा (18 वर्ष) पुत्री राजन राजभर, नंदिनी (18 वर्ष) पुत्री स्व. दीनानाथ राजभर, सलोनी (13 वर्ष) पुत्री मुन्ना राजभर, अनुष्का (19 वर्ष) पुत्री राजेंद्र राजभर और रिफत खातून (22 वर्ष) पुत्री सफदर शामिल थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुशीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर ट्रैकिंग की गई और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई।
प्रभारी निरीक्षक कसया आशुतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार छानबीन और दबिश दी। पुलिस की सक्रियता के चलते सभी लड़कियों को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
