
नौकरी का सपना बना जाल, ड्रग्स तस्करी गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार
Azamgarh News: जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को धोखाधड़ी के जरिए मादक पदार्थ तस्करी में फंसाने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 को बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहा निवासी सुनील यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग उसे विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठग रहे हैं और उसे ड्रग्स तस्करी में शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इस शिकायत के आधार पर रानी की सराय थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान कई आरोपियों के नाम सामने आए, जिनमें संदीप विश्वकर्मा, डॉ. फहीम खां, आदिल और नसीम आलम उर्फ भोनू शामिल हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत भी आरोप जोड़े गए हैं। रविवार सुबह करीब 6:20 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम बेलइसा में छापेमारी कर डॉ. फहीम खां और आदिल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संदीप विश्वकर्मा के निर्देश पर नसीम आलम उर्फ भोनू को मादक पदार्थ उपलब्ध कराते थे। इसके बाद शम्भू यादव उर्फ श्याम यादव के माध्यम से इन पदार्थों को विदेश जाने वाले लोगों को दे दिया जाता था। इस तरह एक सुनियोजित तरीके से लोगों को धोखे में रखकर तस्करी में फंसाया जाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
