
बांग्लादेश में हिंदुओं पर फिर हमला, 100 से ज्यादा परिवार बने निशाना
Bangladesh News: बांग्लादेश में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं में हिंसा देखने को मिली। इस्लाम के कथित अपमान के आरोप में एक मौलाना की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी घटना में हिंदुओं के घरों और दुकानों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की गई। ढाका से लगभग 300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित रंगपुर में एक मुस्लिम युवक की मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने तड़के कई हिंदू घरों और व्यवसायों पर हमला किया।
पुलिस के अनुसार, यह तोड़फोड़ की घटना असल हत्या से ध्यान भटकाने के लिए किसी तीसरे पक्ष द्वारा कराई गई हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, दसपारा बाजार इलाके में हिंदू समुदाय के सौ से अधिक लोग रहते हैं। रकीब हसन की हत्या कथित तौर पर मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद मोमिन ने पुराने विवाद के चलते की थी।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मोमिन के परिवार को जवाबी हमलों का डर था, जिसके कारण उसका घर खाली पाया गया। पुलिस के अनुसार, यह हमला तब हुआ जब मृतक के परिवार ने स्पष्ट किया कि हत्या में हिंदू समुदाय का कोई हाथ नहीं है।
हसन की मां नूर जहां बेगम ने स्थानीय मीडिया से कहा कि उनका हिंदू समुदाय से कोई विवाद नहीं है। रंगपुर के पुलिस आयुक्त मोहम्मद मजीद अली ने बताया कि पुलिस असली हत्यारों की तलाश कर रही है और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान भी कर ली गई है। बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद के अनुसार, इस वर्ष 1 जनवरी से 31 मार्च के बीच सांप्रदायिक हिंसा की 133 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
