
रामघाट रोड पर बड़ा हादसा, एक की मौत और कई यात्री हुए घायल
Aligarh News: जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। देर रात एक रोडवेज बस, ट्रक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह हादसा अलीगढ़ के रामघाट रोड पर थाना हरदुआगंज क्षेत्र में हुआ। तेज रफ्तार रोडवेज बस, ट्रक और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही तुरंत रेस्क्यू शुरूआपरेशन किया गया
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरिभान सिंह राठौड़ और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर दिया है और यातायात भी सामान्य कर दिया गया। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को उजागर करता है।
