
लिव-इन पार्टनर की हत्या, रिश्ते का खौफनाक अंत
Lucknow News: लखनऊ के मदेयगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती की उसके पार्टनर ने कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 20 वर्षीय अलिशा बानो के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तालकटोरा क्षेत्र की जनतानगरी की रहने वाली थी।
जानकारी के मुताबिक, अलिशा पिछले कुछ महीनों से अपने प्रेमी अयान के साथ मदेयगंज में किराये के मकान में रह रही थी। मृतका के भाई मोहम्मद वसीम ने आरोप लगाया है कि अयान अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। उसने बेल्ट और चाकू से भी हमला किया था, जिसके निशान अलिशा के शरीर पर साफ दिखाई दे रहे थे।
रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि युवती की मौत हो गई है। वसीम के अनुसार, उन्हें मदेयगंज पुलिस चौकी से फोन कर बुलाया गया। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो उन्होंने देखा कि अलिशा के शरीर पर कई चोटों के निशान थे। इसी बीच आरोपी अयान खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और कथित तौर पर कहा कि उसने अपनी औरत की हत्या कर दी है। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
परिवार के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले अलिशा की शादी कानपुर में हुई थी। बाद में उसकी अयान से Instagram के जरिए दोस्ती हुई और दोनों के बीच संबंध बन गए। लगभग पांच महीने पहले अयान उसे लखनऊ ले आया, जहां दोनों बिना निकाह के साथ रह रहे थे।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अयान के परिवार ने पहले ही धमकी दी थी कि अगर अलिशा की शादी कहीं और हुई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। अब परिवार ने इस मामले में सख्त कार्यवाही की मांग की है और पुलिस को लिखित तहरीर दी है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि शुरुआती सूचना आत्महत्या की मिली थी। मदेयगंज थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है।
