बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, एक की मौत, कई घायल

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, एक की मौत, कई घायल

Auraiya News: औरैया के अजीतमल क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 254 पर हुआ, जब तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दो हार्वेस्टर कंबाइन को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, घटना 4 अप्रैल की रात लगभग 12 बजे की है। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीलीभीत निवासी 60 वर्षीय सतनाम सिंह, पुत्र वीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हार्वेस्टर पर कुल आठ लोग सवार थे, जो इस दुर्घटना का शिकार हो गए।

घायलों में संपूर्ण सिंह (55 वर्ष), करज सिंह (18 वर्ष), हरप्रीत सिंह (19 वर्ष), जय चौहान (17 वर्ष), बाबू सिंह (15 वर्ष) और सुखविंदर सिंह (18 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा लखविंदर सिंह (56 वर्ष) भी घटनास्थल पर मौजूद थे। सभी घायलों को तत्काल औरैया के 50 सैया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए चिचौली अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे में ट्रक चालक आकाश (28 वर्ष), पुत्र अरविंद सिंह, निवासी सकटपुर, मैनपुरी भी घायल हो गया, जिसका इलाज औरैया के अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि  शुरुआती जांच के अनुसार यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और हार्वेस्टर को मौके पर ही खड़ा कर दिया गया है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )