UP News: सोनभद्र में सो रहे अधेड़ को बुलाकर चाकुओं से गोदा, फिर गोली मार दी – पत्नी और बेटों के सामने हुई हत्या, तीन के खिलाफ केस दर्ज

UP News: सोनभद्र में सो रहे अधेड़ को बुलाकर चाकुओं से गोदा, फिर गोली मार दी – पत्नी और बेटों के सामने हुई हत्या, तीन के खिलाफ केस दर्ज

UP News: जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के मरांची गांव में मंगलवार की रात एक ऐसी खौफनाक वारदात घटी जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। आधी रात को दरवाजे पर सो रहे एक अधेड़ व्यक्ति को कुछ लोगों ने आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही वह चारपाई से उठा, हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। जब वह अधमरी हालत में ज़मीन पर गिरा, तो हमलावर कुछ दूरी तक गए, फिर लौटे और उसकी पत्नी और बेटों के सामने ही उसे गोली मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

परिवार का दावा: पत्नी और बेटों के सामने मारी गई गोली

घटना मरांची गांव निवासी अमरनाथ यादव (45 वर्ष) के साथ हुई। वह मूल रूप से रॉबर्ट्सगंज के रहने वाले थे और पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ मरांची में रह रहे थे। उनके पास यहां पर अच्छी-खासी जमीन भी थी। बताया गया कि अमरनाथ का गांव के ही कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था, जिसमें कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं।

मंगलवार की रात अमरनाथ दरवाजे पर चारपाई लगाकर सो रहे थे। उसी समय रात करीब 12:30 बजे बाइक से तीन युवक पहुंचे और उन्हें आवाज देकर बुलाया। जैसे ही अमरनाथ मच्छरदानी हटाकर बाहर निकले, आरोपियों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया।

चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी आशा देवी और बेटा अनिल यादव, जो छत पर सो रहे थे, जाग गए और दौड़कर नीचे आए। इसी दौरान हमलावर कुछ दूर जाने के बाद वापस लौटे और अमरनाथ को गोली मार दी। घटना के तुरंत बाद परिजन अमरनाथ को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मृतक के बेटे अनिल यादव की तहरीर पर मंगला गुप्ता, ओमजी पाठक और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

एफआईआर में अज्ञात व्यक्ति पर बाइक चलाने और अन्य दो आरोपियों पर चाकू व गोली से हमला करने का आरोप है। पुलिस की फील्ड यूनिट ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं। एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एएसपी ऑपरेशन की अगुवाई में तीन टीमें गठित की गई हैं। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

इस सनसनीखेज वारदात ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है। समाजवादी पार्टी की ओर से बयान जारी कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए गए हैं। साथ ही, मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )