
वृंदावन में यमुना बनी मौत का दरिया, स्टीमर हादसे में 6 की मौत
Mathura News: मथुरा के वृंदावन क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक डूब गया। बताया जा रहा है कि स्टीमर में पंजाब से आए श्रद्धालु सवार थे जो यमुना में नौका विहार कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे की ओर दौड़ पड़े।प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टीमर में करीब 20 से 25 लोग सवार बताए जा रहे हैं। अचानक स्टीमर का संतुलन बिगड़ने के बाद वह कुछ ही क्षणों में पानी में समा गया। नदी में मौजूद अन्य नाव चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। कई लोगों को स्थानीय नावों की मदद से बाहर निकालने की कोशिश की गई।

लापता लोगों की तलाश जारी है –
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। साथ ही गोताखोरों को भी नदी में उतारा गया, जिन्होंने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी देर तक चली तलाशी के बाद गोताखोरों ने चार शव बरामद किए हैं। अन्य श्रद्धालुओं की तलाश के लिए यमुना में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टीमर में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिसके कारण संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन अभी हादसे के सही कारणों की जांच कर रहा है। मौके पर पुलिस के साथ स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है तथा लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की अतिरिक्त टीम भी लगाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
