
गंगा किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव,हाथ पर टैटू से दक्षिण भारतीय होने की आशंका
Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटेसर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगा नदी किनारे एक बबूल के पेड़ से 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। सुबह के समय नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने जब पेड़ से लटकता शव देखा तो उनके होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, लेकिन उसके शरीर पर मिले कुछ सुराग पुलिस के लिए अहम साबित हो सकते हैं। युवक के हाथ और गले में सफेद धातु का कड़ा और सिकड़ी मिली है। इसके अलावा उसके हाथ पर “चिन्नम्मा” नाम का टैटू बना हुआ है, जिससे उसके दक्षिण भारतीय मूल का होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस इन सभी तथ्यों के आधार पर पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल इस घटना से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है, ताकि मृतक की पहचान और मौत की असली वजह सामने आ सके।
