
Lucknow news: सुशांत गोल्फ सिटी केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, आरोपियों पर इनाम
Lucknow news: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा से गैंगरेप का मामला सुर्ख़ियों में है। मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त बाहर हैं। ऐसे में पुलिस ने जौनपुर निवासी छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार आरोपी शिवम यादव और उसके साथी शनि यादव पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपियों ने फरारी के दौरान करीब 18 सिम कार्ड बदले और लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है। पीड़िता ने मंगलवार को न्यायालय में अपने बयान दर्ज कराए। वहीं पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और आरोपियों के संपर्कों की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि पीड़िता पहले भी दो बार शिवम के साथ लखनऊ में रुकी थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस की एक टीम सोमवार को प्रयागराज पहुंची और शिवम यादव के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, हालांकि उसके परिवार ने पुलिस को बताया कि वह घर नहीं आया है।
पीड़िता दिल्ली यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेज में बीए ऑनर्स की छात्रा है और यूपीएससी की तैयारी कर रही है। आरोप है कि 15 मई को दिल्ली जाते समय उसने परिचित शिवम यादव को मैसेज किया था, जिसके बाद आरोपी उसे चारबाग स्टेशन से सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कमरे पर ले गए। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ देकर तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और सामूहिक दुष्कर्म किया गया। तबीयत बिगड़ने पर 18 मई को आरोपियों ने उसे ट्रेन से दिल्ली भेज दिया और फरार हो गए। दिल्ली के आनंद विहार जीआरपी में दर्ज जीरो एफआईआर को लखनऊ ट्रांसफर किए जाने के बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
