
Bijnor News: मंडावर हत्याकांड,बहू के कथित अवैध संबंधों के शक में युवक की हत्या, आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के कोहरपुर गांव में रविवार सुबह हुई युवक बिट्टू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जहां हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही थी, वहीं अब आरोपी ने पुलिस पूछताछ में दावा किया है कि उसने अपनी बहू और मृतक बिट्टू के कथित अवैध संबंधों से नाराज होकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे मंडावर थाने पर सूचना मिली थी कि कोहरपुर निवासी बिट्टू को उसके पड़ोसी सुरेंद्र सिंह ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी थी।
आरोपी ने पूछताछ में बताई हत्या की वजह
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी बहू और मृतक बिट्टू के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे। इस बात को लेकर वह लंबे समय से नाराज था और कई बार दोनों को समझाने तथा विरोध करने की कोशिश कर चुका था।
आरोपी के मुताबिक, रविवार सुबह भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में उसने चाकू निकालकर बिट्टू पर हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
पहले सामने आई थी मामूली कहासुनी की बात
घटना के समय बिट्टू अपने चचेरे भाई आसू के साथ गांव की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने जा रहा था। रास्ते में सुरेंद्र ने उसे रोक लिया था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच पहले गाली-गलौज हुई और फिर सुरेंद्र ने चाकू से हमला कर दिया। आसू ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार हमला करता रहा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जबकि गंभीर रूप से घायल बिट्टू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में जो वजह बताई है, उसकी भी गहन जांच की जा रही है। जांच अधिकारी इस बात के भी साक्ष्य जुटा रहे हैं कि आरोपी के दावे कितने सही हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम, पारिवारिक विवाद और अन्य परिस्थितियों की जांच के बाद ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करेगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है। वहीं, गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
