Hardoi News: निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर गिरा भारी गर्डर, घायल श्रमिक ने रास्ते में तोड़ा दम

Hardoi News: निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर गिरा भारी गर्डर, घायल श्रमिक ने रास्ते में तोड़ा दम

Hardoi News: हरदोई जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर निर्माणाधीन पुल के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने एक श्रमिक की जान ले ली। सोमवार सुबह शारदा नहर के ऊपर बन रहे ओवरब्रिज पर भारी गर्डर गिरने से घायल हुए दो श्रमिकों में से एक ने उपचार के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि उसके गांव में भी शोक का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जनपद के सिधौली गांव निवासी 30 वर्षीय राहुल पुत्र छोटेलाल सोमवार को निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था।

गर्डर गिरने से उसे गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हरदोई मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। राहुल की मौत की सूचना जैसे ही उसके परिजनों तक पहुंची, घर में मातम पसर गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर गहरा दुख और शोक व्याप्त है। मृतक अपने परिवार का सहारा माना जाता था और उसकी असमय मौत से परिजन सदमे में हैं।

दूसरे श्रमिक का उपचार जारी

गौरतलब है कि सोमवार सुबह शारदा नहर पर बन रहे पुल पर गर्डर स्थापित करने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से भारी संरचना नीचे आ गिरी थी, जिसकी चपेट में दो श्रमिक आए थे। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया था।इस दुर्घटना में घायल दूसरा श्रमिक फिलहाल हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।

चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी दुख व्यक्त किया है और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं हादसे के कारणों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी की नजर अब इस बात पर टिकी है कि जांच में हादसे की असली वजह क्या सामने आती है और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )