
UP News: सेवा सप्ताह के तहत विहिप-बजरंग दल ने किया वृक्षारोपण एवं मंदिर सफाई अभियान
रिपोर्ट- मनोज कुमार
UP News: बाराबंकी। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को बाबा मस्तराम दास आश्रम में वृक्षारोपण एवं मंदिर सफाई अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बजरंग दल के विभाग सहसंयोजक ब्रह्म प्रकाश दीक्षित ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ किया।
इस दौरान आश्रम परिसर में बरगद, जामुन, अमरूद, आम, नींबू, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बहरौली स्थित विख्यात बाबा मस्तराम दास आश्रम में साधु-संतों के साथ वृक्षारोपण किया गया। इसके पश्चात ग्राम बनौगा स्थित हनुमान मंदिर आश्रम में भी पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर ब्रह्म प्रकाश दीक्षित ने बताया कि विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा प्रत्येक वर्ष 5 जुलाई से 12 जुलाई तक सेवा सप्ताह मनाया जाता है। इसके अंतर्गत वृक्षारोपण, मठ-मंदिरों की साफ-सफाई, चिकित्सा शिविर सहित विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी संगठन के प्रत्येक सदस्य को सेवा सप्ताह के कार्यक्रमों से जोड़ा गया है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा।
उन्होंने बताया कि सेवा सप्ताह के बाद संगठन द्वारा अखंड भारत संकल्प दिवस, रक्तदान शिविर, सामाजिक समरसता एवं त्रिशूल दीक्षा जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनकी रूपरेखा शीघ्र तय की जाएगी।
कार्यक्रम में निन्दूरा बजरंग दल संयोजक मुकेश सिंह, प्रखंड मंत्री आशीष सोनी, पूर्व जिला सहसंयोजक उमेश यादव, आश्रम महंत सत्रोहन दास, सियाराम दास, रामनाथ दास, हजारीलाल दास, भगवानदीन, विकास रावत, अनिल, रामू रावत, श्यामू यादव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
