
IndiGo International Flight Emergency: उड़ान के दौरान विमान से निकला धुआं, पायलट ने राजकोट में कराई सुरक्षित लैंडिंग
IndiGo International Flight Emergency: दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक इंटरनेशनल फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हवा में उड़ान के दौरान ही पायलट को विमान के एक हिस्से से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और नजदीकी राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E1452 (फ्लाइट टाइप A321) दुबई से मुंबई के लिए उड़ान पर थी। यात्रा के दौरान दोपहर करीब 2:45 बजे फ्लाइट के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं महसूस हुआ। खतरे का अंदेशा होते ही राजकोट एयरपोर्ट पर दोपहर 2:45 बजे ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई। आपात स्थिति को देखते हुए तुरंत अलर्ट जारी किया गया और रनवे के आसपास पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर तैनात कर दिया गया।
194 यात्री पूरी तरह सुरक्षित
पायलट के संयम और सूझबूझ के चलते विमान को दोपहर 3:27 बजे राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा लिया गया। इसमें क्रू सहित कुल 194 लोग सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग की खबर मिलते ही राजकोट पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की गाड़ियों को तुरंत रनवे के पास स्टैंडबाय पर रख दिया गया था। लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
राजकोट के पुलिस कमिश्नर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अब घबराने या चिंता करने की कोई स्थिति नहीं है। सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से बाहर निकाल लिया गया है।
