
Hardoi News: सांप ने डसा तो उसे बोतल में बंद कर अस्पताल पहुंचा शख्स, इलाज के दौरान हुई मौत
Hardoi News: हरदोई जिले के सवायजपुर क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। जहरीले सांप के डसने के बाद एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति ने घबराने के बजाय उसी सांप को पकड़कर प्लास्टिक की बोतल में बंद कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, मिरगावां गांव निवासी करीब 40 वर्षीय बेचेलाल मानसिक बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज लंबे समय से बरेली में चल रहा था।
परिवार के लोगों के मुताबिक उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी। स्वस्थ रहने पर वे स्थानीय स्तर पर सब्जी की दुकान पर काम कर लिया करते थे। पारिवारिक विवाद और उनके आक्रामक व्यवहार के कारण उनकी मां रामलली अलग रह रही थीं, जबकि पत्नी लक्ष्मी अपने 18 वर्षीय बेटे शिवम के साथ दिल्ली में निवास करती हैं।
साँप को पकड़कर दो लीटर की प्लास्टिक की बोतल में बंद कर दिया
बताया गया कि बेचेलाल अपने कमरे में अकेले थे। इसी दौरान एक विषैले सांप ने उन्हें काट लिया। हैरत की बात यह रही कि उन्होंने सांप को भागने नहीं दिया, बल्कि उसे पकड़कर दो लीटर की प्लास्टिक की बोतल में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी।परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जब अस्पताल में मौजूद लोगों ने देखा कि मरीज अपने साथ बोतल में जिंदा सांप लेकर आया है, तो वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन शाम करीब साढ़े छह बजे बेचेलाल ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर उनकी पत्नी भी दिल्ली से हरदोई पहुंचीं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। इस अनोखी घटना की चर्चा अस्पताल से लेकर गांव तक पूरे क्षेत्र में होती रही और लोग इसे लंबे समय तक याद रखने वाली घटना बता रहे हैं।
