
Moti Dungri Ganesh Temple: जयपुर के मोती डूंगरी मंदिर में मेहंदी लेने उमड़ी हजारों की भीड़, शादी की मान्यता वायरल
Moti Dungri Ganesh Temple: जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंदिर के बाहर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है। खास बात यह है कि इस भीड़ में बड़ी संख्या में कुंवारे लड़के-लड़कियां भी दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, मोती डूंगरी गणेश मंदिर को लेकर एक खास मान्यता प्रचलित है। कहा जाता है कि गणेश चतुर्थी के दिन यहां से मेहंदी लेकर लगाने वाले कुंवारे लड़के या लड़कियों की शादी जल्द हो जाती है। इसी मान्यता के चलते गणेश चतुर्थी पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मंदिर पहुंचते हैं और मेहंदी लेने के लिए कतार में लगते हैं।
वायरल वीडियो में इतनी लंबी लाइन दिखाई दे रही है कि इसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। किसी ने मजाक में लिखा कि शायद देश में कुंवारों की संख्या का अंदाजा इसी भीड़ से लगाया जा सकता है।
भीड़ को संभालने में छूटे पुलिस के पसीने
गणेश चतुर्थी के मौके पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमों को तैनात करना पड़ा। हालांकि, शादी होने की यह मान्यता धार्मिक आस्था से जुड़ी है और इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इसके बावजूद हर साल इस परंपरा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिलता है।
