
Alwar News: अलवर सामान्य चिकित्सालय में युवक की मौत पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, इलाज में लापरवाही का दावा !
लोकेशन- अलवर ( राजस्थान )
संवाददाता- रुपेश शर्मा
Alwar News: राजस्थान के शहर अलवर के दीवान जी के बाग क्षेत्र निवासी एक युवक की अचानक तेज बुखार के बाद अलवर सामान्य चिकित्सालय में मौत हो गई। युवक को परिजनों ने रात के समय अस्पताल में भर्ती कराया था। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक युवक को तेज बुखार था, जिसके चलते उसे इलाज के लिए सामान्य चिकित्सालय लाया गया। अस्पताल के वार्ड में भर्ती किए जाने के बाद स्टाफ की ओर से युवक को इंजेक्शन लगाया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने मरीज की उचित देखभाल नहीं की और उसे देखने के लिए डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचे।
परिजनों का दावा है कि रात के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ती गई, लेकिन समय पर समुचित चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी। इसके बाद युवक की हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
खराब मशीन से जांच करने का आरोप

परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि युवक की जांच के लिए स्टाफ ने जिस मशीन का इस्तेमाल किया, वह पहले से खराब थी। परिजनों के मुताबिक बाद में दूसरी मशीन से युवक की जांच की गई, जिसमें उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में मरीजों के इलाज और सुविधाओं के लिए बजट उपलब्ध कराया जाता है, इसके बावजूद यदि चिकित्सा उपकरण खराब स्थिति में हैं और डॉक्टर समय पर मरीजों को नहीं देखते, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारण और अस्पताल में इलाज के दौरान क्या हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में अस्पताल प्रशासन का पक्ष सामने आना भी बाकी है।
